पंचायत भवन में गुरु जंभेश्वर विवि के पीएचडी के प्रथम बैच के शोधार्थियों के लिए आयोजित अन्वेषण डॉक्टोरल इंडक्शन प्रोग्राम का उद्घाटन कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रथम बैच केवल शोधार्थी नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शोध परंपरा के आधार हैं। इसे उन्हें स्वयं स्थापित करना है।गुरु जंभेश्वर विवि में पीएचडी के प्रथम बैच (2025-2026) का सोमवार को शुभारंभ हो गया। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने शोधार्थियों को पीतल उद्योग, भूजल संकट, कृषि एवं सामाजिक विषयों पर अनुसंधान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शोध नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शैक्षणिक ईमानदारी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय शोधार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वैशाली पुनिया ने किया।