नजीबाबाद से बरेली रहे एक यात्री का ट्रेन में मोबाइल चोरी कर लिया गया। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो यात्री ने अपने मौसा की मदद से आरोपी चोर को पकड़ लिया और उसे मोबाइल भी बरामद कर लिया। आरोपी चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जीआरपी ने कार्रवाई करने में देर की तो महिलाएं हंगामा करने लगीं। उन्हें समझाकर शांत कर दिया गया। उत्तराखंड के पौढ़ी जिले के कोटद्वार थाना क्षेत्र के लोहर कालाबढ़ निवासी पीयूष ने बताया कि वह अपनी मां, प्रेमतला, मौसा महिपाल, मौसी रिंकी समेत अन्य रिश्तेदार और परिजनों के साथ बरेली एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हम सभी लोग शनिवार की शाम नजीबाबाद से देहरादून से गोरखपुर के बीच चलने वाली राप्तीगंगा एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में सवार हुए थे। सफर के दौरान बगल वाली सीट पर बैठे यात्री ने मेरा मोबाइल चोरी कर लिया। शनिवार रात करीब आठ बजे ट्रेन मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो देखा कि मोबाइल गायब और बगल वाली सीट पर बैठा युवक चला गया था। इस दौरान पीयूष ने बगल वाली सीट पर बैठे यात्री को रेलवे स्टेशन पर देख लिया और अपने मौसा, मौसी, मां की मदद से युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब में मोबाइल मिल गया। इसके बाद पीयूष युवक को पकड़कर जीआरपी थाने ले गया। आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम शान अली बताया है। वह मुरादाबाद में कोतवाली क्षेत्र में नई बस्ती निवासी है। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।