मेरठ। सरधना कस्बे के ऐतिहासिक बूढ़ा बाबू मेले के नामकरण को लेकर सोमवार को नगर पालिका बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बैठक के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद जैन समर्थकों के साथ सभागार पहुंचे और मेले का नाम बूढ़ा बाबा मेला प्रस्तावित कर पारित कराने की मांग उठाई। बैठक में मौजूद कुछ सभासदों और अन्य लोगों ने इस प्रस्ताव का विरोध जताया, जिसके बाद माहौल गरमा गया। इसी दौरान सपा विधायक प्रधान और भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद जैन के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते भाजपा और सपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे सभागार में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख विधायक अतुल प्रधान ने कार्यकर्ताओं को शांत रहने की नसीहत दी और वहां से निकल गए। विवाद के चलते मेले के नामकरण को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी। ऐसे में कस्बे का ऐतिहासिक मेला इस बार नामकरण विवाद में उलझता नजर आ रहा है।