अब मेरठ में ही लोग एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में सुख एडवेंचर पार्क में जिप लाइन, रोप कोर्स, रोप ब्रिज, लूप ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, वर्टिकल नेट क्लाइम्बिंग, रैपलिंग जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इसकी शुरुआत शुक्रवार को हुई। शुभारंभ उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक डॉ. युद्धवीर सिंह व पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 2023 को एडवेंचर खेल का वर्ष घोषित किया था। इसी को ध्यान में रखकर एसोसिएशन का गठन किया गया और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए यहां इसकी शुरुआत की जा रही है। सुख एडवेंचर पार्क का उद्देश्य लोगों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। युवाओं को आर्मी की तैयारी भी कराई जाएगी।