मेरठ। दौराला के मटौर गांव स्थित बलवंत कॉलोनी में जलभराव की समस्या से 40 परिवार परेशान है। गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण हर समय जलभराव होने से कॉलोनी के लोग और एक पब्लिक स्कूल के बच्चों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या से निजात नहीं मिल सकी है। कॉलोनी निवासी विनीत शर्मा, विकास कुमार, सूबेराम आदि ने बताया कि मटौर गांव स्थित पावर ग्रिड के सामने 20 साल पहले उनकी कॉलोनी बसी थी। कॉलोनी में वर्तमान में 40 परिवार के लोग निवास कर रहें हैं और यहां एक पब्लिक स्कूल भी है। बताया कि आज तक कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी को लेकर कोई प्रबंध नहीं किया गया है। घरों से निकलने वाला पानी व बरसात का पानी हर समय सड़क पर भरा रहता है। पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे है और पास में ही जंगल होने के कारण जहरीले जीव जंतु भी उनके घरों में घुस रहें हैं। विनीत शर्मा ने बताया कि वह समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए लगातार शिकायत कर रहें हैं, परंतु समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है, जिस कारण वह पलायन करने को मजबूर है। प्रधान शिवकुमार का कहना है कि अस्थाई रूप से एक गड्ढा खोदा गया था, वह भी जलभराव के कारण भर गया। एनएचएआई नाले का निर्माण नहीं कर रहा है, जिस कारण समस्या उत्पन हो रही है। अधिकारी हस्तक्षेप करें तो नाले का निर्माण हो सकेगा। इस दौरान सचिन कुमार, अविनाश, पूनित, शंकर आदि मौजूद रहे।