मेरठ। आरजी पीजी कॉलेज में सोमवार को शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्राओं के लिए एक दिवसीय पर्यावरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरण से जोड़ना और उन्हें औषधीय पौधों के महत्व से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम की संयोजिका विभागाध्यक्षा प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि कार्यशाला में छात्राओं को घर के बचे हुए कचरे से बायोकंपोस्ट खाद बनाने की विधि भी सिखाई गई। डॉ. अनुपमा सिंह ने विभिन्न प्रकार के इनडोर और आउटडोर पौधों की जानकारी दी और सभी को ग्रीन शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं को बोटैनिकल गार्डन में चल रहे बायो कंपोस्ट खाद प्लांट का भ्रमण भी कराया। प्राचार्य प्रो. निवेदिता मलिक ने छात्राओं को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। प्रो. मित्तल ने प्लांट कंजर्वेशन सोसायटी के माध्यम से पौधे प्राप्त करने के लिए पंजीकरण भी कराया। कार्यशाला में 50 छात्राओं ने भाग लिया।