मेरठ में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा एनएएस इंटर कॉलेज में मंगलवार को 'पुलिस की पाठशाला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत घर से होती है और हर छात्र को स्वयं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में पहला कदम उठाना चाहिए। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने पर रोक, और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले हादसों पर विस्तार से चर्चा की। एसपी सिटी ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें बताया कि कानून केवल डराने के लिए नहीं बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए बनाए जाते हैं। इस मौके पर कॉलेज के शिक्षकों, छात्रों और अमर उजाला फाउंडेशन की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्रों ने सवाल पूछे और एसपी सिटी ने बेहद सहजता से उनका उत्तर दिया।