मेरठ से सटे हस्तिनापुर में सावन के पावन महीने में सपा कार्यकर्ता रुद्र प्रताप सिंह हरिद्वार से साइकिल पर गंगाजल लेकर हस्तिनापुर पहुंचे। उन्होंने गंगाजल लाने की प्रेरणा सपा विधायक अतुल प्रधान से मिलने की बात कही। रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने हरिद्वार से साइकिल यात्रा शुरू की और रास्ते में गंगाजल को सुरक्षित रखते हुए हस्तिनापुर पहुंचे। उनके मुताबिक यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाजसेवा और जरूरतमंदों के प्रति समर्पण का संदेश देने का भी माध्यम है। उन्होंने सपा विधायक अतुल प्रधान के गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के प्रति कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सहानुभूति और समस्याओं को उठाने की भावना उनके लिए प्रेरणास्रोत बनी। रुद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगाजल भगवान शिव को अर्पित करने की परंपरा के साथ सेवा और समर्पण का प्रतीक भी है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।