मेरठ के लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय ने एक बार फिर जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे मरीज को नई जिंदगी दी है। हापुड़ के धनपुर निवासी 22 वर्षीय प्रशांत को जहरीले सांप ने दाहिने हाथ की उंगली में काट लिया था। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार और डॉ. विवेक कुमार ऋषि की देखरेख में उसका उपचार शुरू हुआ। मरीज को 22 वायल्स एंटी स्नेक बाइट वेनम और 20 फ्रेश फ्रोज़न प्लाज़्मा दिए गए। शुरू में प्रशांत के हाथ में तेज सूजन, रक्तस्राव और मूत्र में रक्त जैसी गंभीर लक्षण थे। नेफ्रोलॉजी और सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की टीम ने लगातार मॉनिटरिंग की और उसे टेली आईसीयू में रखा गया। सात दिन बाद सुधार शुरू हुआ और दसवें दिन वह पूरी तरह से स्थिर हो गया।