मेरठ में अपने भाई को न्याय दिलाने की मांग को लेकर दो बहनों ने प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाई है। टीपी नगर क्षेत्र निवासी कनिष्का कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उसके भाई वंश को हर्ष और सुमित नाम के दो युवक स्विमिंग पूल में नहाने की बात कहकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद 28 मई को वंश का शव भोला की झाल पर मिला। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कनिष्का कुशवाहा ने आरोप लगाया कि मामले की जांच में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है और जानी पुलिस ने दूसरे पक्ष के साथ सांठगांठ कर मामले को दबाने का प्रयास किया है। हाथों में ‘वंश को इंसाफ दिलाओ’ लिखे बैनर लेकर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।