मेरठ शहर की प्रमुख दिल्ली रोड पर मंगलवार को वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। बागपत अड्डा चौराहे से दिल्ली रोड की ओर सड़क निर्माण कार्य दिन में ही शुरू कर दिया गया, जिससे मेट्रो प्लाजा चौराहे से लेकर दिल्ली चुंगी तक लंबा जाम लग गया। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुपहिया, कार और भारी वाहन रेंगते नजर आए, वहीं कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, स्कूली वाहन और एंबुलेंस भी जाम में फंसते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य रात के समय कराया जाता तो जाम की स्थिति से बचा जा सकता था। काफी देर बाद ट्रैफिक पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो सकी।