मेरठ के फलावदा थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विश्वास उर्फ विश्वास पिलोना एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वह शादी समारोह में दोनों हाथों में पिस्तौल लहराते हुए कैमरे में कैद हुआ है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि विश्वास पिलोना स्टेज के पास डांस कर रहे लोगों के बीच दोनों हाथों में पिस्टल लहराता नजर आ रहा है। वीडियो की पुष्टि होते ही फलावदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विश्वास पिलोना फलावदा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट जैसे कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। प्रशासन ने भी यह माना है कि इस तरह खुलेआम हथियार लहराना आर्म्स एक्ट और शांति भंग करने जैसी कई धाराओं के अंतर्गत गंभीर अपराध है। एसपी देहात बोले -वीडियो की जांच की जा रही है। पिस्टल असली है या लाइसेंसी, इसकी भी जांच होगी। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।