शिवरात्रि के मौके पर मंगलवार सुबह से ही सदर स्थित ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारों में नजर आए। मंदिर में दंडवत कांवड़ लेकर पहुंच रहे शिवभक्तों की भी बड़ी संख्या रही। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर व्यवस्था संभाली। श्रद्धालुओं को एक साथ मंदिर परिसर में प्रवेश देने के बजाय एक-एक कर अंदर भेजा गया, ताकि जलाभिषेक के दौरान व्यवस्था बनी रहे। कांवड़िए हरिद्वार से लाए गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना मांग रहे हैं। मंदिर परिसर के आसपास हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। शिवभक्तों में जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं, कांवड़ियों की सुरक्षा और भीड़ की निगरानी के लिए मंदिर में बने कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर और कांवड़ियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।