हस्तिनापुर में नगर पंचायत कर्मियों और सभासदों के बीच चल रहे विवाद तथा कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन के बीच सोमवार को नगर पंचायत चेयरपर्सन सुधा खटीक और अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान चेयरपर्सन ने विकास कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों पर खुलकर अपनी बात रखी। चेयरपर्सन सुधा खटीक ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर में जितने विकास कार्य कराए गए हैं, उतने पिछले 15 वर्षों में भी नहीं हुए। उन्होंने बताया कि सड़कों, नालियों, पेयजल व्यवस्था, सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित कई बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक दुर्भावना के चलते विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। चेयरपर्सन ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल हस्तिनापुर के समग्र विकास को आगे बढ़ाना है।