72 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैंप में रविवार को कैडेट्स ने फायरिंग का अभ्यास किया। यह कैंप आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर में कमांडिंग अफसर कर्नल अभिषेक पवार और डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में चल रहा है। मीडिया प्रभारी विजयपाल सांवरिया ने बताया कि हवलदार राहुल चौहान और अजीत सिंह ने .22 राइफल से 25 गज की दूरी पर फायरिंग का प्रशिक्षण दिया और फायरिंग के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी गई। कैडेट्स को फायरिंग के साथ-साथ ड्रिल परेड का भी अभ्यास कराया गया जिसमें सावधान, विश्राम, दाएं मुड़ और बाएं मुड़ जैसे अनुशासनात्मक अभ्यास शामिल थे। डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि ड्रिल परेड से कैडेट्स में अनुशासन, एकरूपता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। थल सेना कैंप के अंतर्गत उन्हें मैप रीडिंग भी सिखाई गई, जिसमें मैप टू ग्राउंड और ग्राउंड टू मैप की तकनीक के माध्यम से युद्ध के दौरान दुश्मन की स्थिति का अनुमान लगाना और टारगेट तक पहुंचना सिखाया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल अभिषेक पवार ने कैडेट्स को सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी। इस प्रशिक्षण शिविर में उत्तर प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुप मुख्यालयों से थल सेना कैंप के लिए 297 कैडेट्स और सीएटीसी के लिए 237 कैडेट्स भाग ले रहे हैं, जो देश सेवा की भावना से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।