मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में सौरभ राजपूत के परिवार से मिलने कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित पहुंचीं। इस दौरान सौरभ की मां रेनू देवी ने कवयित्री अनामिका जैन अंबर की ओर से मुस्कान की बेटियों की पढ़ाई और परवरिश की जिम्मेदारी उठाने की बात पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जेल में अन्य महिला कैदियों के भी बच्चे हैं, ऐसे में केवल मुस्कान के प्रति संवेदना क्यों दिखाई जा रही है। पूनम पंडित ने भी अनामिका जैन अंबर की मुस्कान से जेल में मुलाकात पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आईं, जबकि आरोपी से मिलने जेल पहुंच गईं। पूनम ने सौरभ के परिवार को आश्वासन दिया कि वह न्याय की लड़ाई में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक उनके साथ खड़ी रहेंगी।