मेरठ के सेंट्रल मार्केट में चली दो दिन की ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के बाद व्यापारियों के बीच भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा व्यापारियों से बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का व्यापार उजड़ता देख दुख हो रहा है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आगे कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि बहुत मुश्किल से व्यापारियों के बीच आया हूं और व्यापारियों से आंखें मिलाने की भी हिम्मत नहीं है। विनीत शारदा बोले कि व्यापारी की सरकार में व्यापारी का शोषण हो रहा है और कोई जनप्रतिनिधि कुछ नहीं कर पाया। कहा कि वो कल ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे और व्यापारियों की मदद के लिए कुछ रास्ता निकालेंगे। व्यापारियों द्वारा आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर आरोप लगाने के मामले में कहा कि ध्वस्तीकरण का आदेश सुप्रीम कोर्ट का था, लेकिन यदि आवास विकास के अधिकारियों की इसमें कोई गलती है, तो व्यापारियों का उत्पीड़न उनको भारी पड़ेगा।