मेरठ। शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर खड़ी दूसरी कार और एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं, हादसे के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दुर्घटनाग्रस्त कार के अंदर से बीयर की बोतल मिलने की भी बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा चालक की मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।