मेरठ। अगर आप कांवड़ मेले के दौरान मेरठ से होकर लखनऊ, आगरा समेत विभिन्न शहरों के साथ-साथ दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड आदि प्रदेशों के लिए रोडवेज बसों में यात्रा करने की तैयारी में हैं तो बसों का रूट प्लान जरूर देख लें। कांवड़ियों की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर उप्र परिवहन निगम के अधिकारियों ने रूट डायवर्जन के साथ बसों का नया रूट प्लान तैयार किया है। नए रूट प्लान के अनुसार दो अगस्त से 11 अगस्त मध्य रात्रि 12 बजे तक सभी बसों का संचालन होगा। परिवहन निगम के तीन बस अड्डे हैं लेकिन कांवड़ मेले के दौरान भैसाली, मेरठ डिपो की सभी बसें गढ़ रोड स्थित सोहराब गेट डिपो बस अड्डे से संचालित होंगी। सोहराब गेट डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि दो अगस्त से 11 अगस्त की मध्य रात्रि तक के लिए उप्र परिवहन निगम और अनुबंधित बसों का रूट प्लान तैयार किया गया है। यह दो अगस्त से सड़कों पर दिखाई देगा। मेरठ सोहराब गेट डिपो से ही उप्र के विभिन्न शहरों और दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड आदि प्रदेशों के लिए तय रूटों पर ही बसें चलेंगी। रूट प्लान में यात्रियों की सुविधा और कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता पर लिया गया है। यात्रियों की संख्या के आधार पर बसें उपलब्ध रहेंगी। सभी चालक व परिचालकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।