मेरठ यूनिवर्सिटी का चर्चित छात्र नेता अक्षय बैंसला आखिरकार पुलिस की दबिशों और लगातार बढ़ते दबाव के बीच खुद ही थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया। वह सिद्धार्थ कसाना गैंग से जुड़े केस में वांटेड चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले इसी गैंग ने उसकी पिटाई भी की थी, जिसके बाद गैंग के आदित्य यादव ने उस पर केस भी दर्ज कराया था। छात्र राजनीति में विवादों के लिए पहचाने जाने वाले अक्षय बैंसला पर पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिशें दे रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दबाव इतना बढ़ गया कि बैंसला ने आखिरकार खुद ही सरेंडर करने में भलाई समझी। अक्षय बैंसला को जेल भेज दिया गया है और अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। छात्र राजनीति के इस मोड़ ने यूनिवर्सिटी कैंपस में भी हलचल मचा दी है।