मेरठ के मवाना रोड स्थित अम्हेड़ा गांव में एक घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में गंगानगर थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गंगानगर थाना क्षेत्र के सूर्य गैस गोदाम के पास संदीप का मकान है, जहां इन दिनों पेंट का काम चल रहा है। अम्हेड़ा गांव निवासी राजेश ने पेंट का काम लिया हुआ है। मंगलवार सुबह उनकी स्प्लेंडर बाइक संदीप के घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बाइक में चाबी लगाकर लॉक तोड़ दिया। करीब तीन मिनट तक वह इधर-उधर देखता रहा और मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद बाइक चोरी का पता चलने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पीड़ित की तहरीर पर गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पकड़े गए युवक का पिता एक नेता का नाम लेकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।