18 अक्तूबर को परदहां विकास खंड क्षेत्र के कुशमौर स्थित भारतीय बीज विज्ञान संस्थान के प्रांगण में किसान मेला का आयोजन किया गया है। मेले में मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया के लगभग 2500 हेक्टेयर मेें तीन हजार क्विंटल बीज लगभग आठ हजार किसानों मेें वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। मेले के मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री एके शर्मा होंगे। भारतीय बीज विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. संजय कुमार बुधवार को संस्थान के सभागार में बताया कि मेले में बीज के लिए 40 स्टाल लगाए जाएंगे। आठ स्टाल कृषि उपकरणों तथा यंत्रों के लिए लगाए जाएंगे। कहा कि मेले में बीज, मत्स्य, पशुपालन सहित विभिन्न क्षेत्रों के वैज्ञानिक किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ ही वैज्ञानिक विधि से खेती करने के गुर सिखाएंगे। कहा कि गेहूं की उन्नतिशील किस्में डीडब्ल्यूबी 187, डीबीडब्ल्यू 303, एचडी 3249, एचडी2967 के बीज उपलब्ध है। बताया कि चने की पूसा 3043 और सरसो गिरीराज किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई है। कहा कि गेहूं की अच्छी बुआई के लिए 24 नवंबर तक उपयुक्त समय है। बुआई करने में जितना देर होगा उत्पादन में प्रतिदिन एक क्विंटल प्रति हेक्टेयर की कमी हो सकती है। बताया कि मेले में ड्रोन द्वारा छिड़काव का प्रदर्शन किया जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रगतिशील किसान गुणवत्ता बीज उत्पादन की खेती को किसानों से साझा करेंगे। बताया कि संस्थान की तरफ से बीज ग्राम योजना, अनुसूचित जाति उपयोजना, उत्तर पूर्वी पहाड़ी क्षेत्र मुख्य योजना, कृषक सहभागिता बीजोत्पादन, पल्स सीड हब, मेरा गांव मेरा गौरव, एग्री ड्रोन परियोजना आदि परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ दिया जा रहा है।