अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में शनिवार को योग एवं ध्यान पर विशेष कार्यक्रम हुआ। ब्रह्माकुमारीज की रिफाइनरी नगर सेवा केंद्र की प्रभारी बीके कृष्णा बहन और बीके आलोक कुमार ने प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों को योगाभ्यास कराया। बीके कृष्णा बहन ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से तनाव और नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। बीके आलोक कुमार ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने जोर दिया कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की पद्धति है, जिससे शरीर स्वस्थ और मन एकाग्र रहता है। प्रशिक्षुओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को नियमित अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन प्राचार्य सत्यदेव और आयुष विभाग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बीके मनोहर, हरेश कुमार सिंह, दिगंबर सिंह और नरेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा।