पीईटी परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों को अपना सामान लेने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा केंद्रों पर जमा बैग वापस लेने के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ा। शहर के कैंट रेलवे स्टेशन के निकट स्थित सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज में यह स्थिति देखने को मिली। यहां पूर्वांचल और बुंदेलखंड समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। लंबी यात्रा के लिए वे अपने साथ जरूरत का सामान लेकर आए थे, जिसे परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र के सामान घर में जमा करा दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद बैग लेने के लिए अभ्यर्थियों की लंबी कतार लग गई। करीब 100 फीट तक लगी लाइन में खड़े होकर उन्हें काफी देर इंतजार करना पड़ा।