मथुरा के गोवर्धन के बछगांव क्षेत्र में जलभराव, खाद संकट और फर्जी मुकदमों से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान तहसील मुख्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप था कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी ने कहा कि सिंचाई विभाग जल निकासी का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है, जिससे खेतों में पानी भर जाने से फसलें बर्बाद हो रही हैं। वहीं डीएपी खाद की कमी से बुवाई प्रभावित हो रही है। बिजली विभाग पर किसानों ने फर्जी मुकदमे दर्ज करने और बिलों में मनमानी करने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंचीं एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी ने किसानों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया, एसडीएम ने 15 अक्तूबर को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील चौधरी, जिलाध्यक्ष थान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी, पवन चतुर्वेदी, उदयभान जाटव, मीना ठाकुर, हरिओम चौधरी, कुंवर सेन पहलवान, रमेश पहलवान, तारा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।