जनपद के स्टेशन रोड पर स्थित एक बैंक के कर्मचारी जब सुबह पहुंचे तो उन्हें बैंक के दरवाजे पर ताला लगा हुआ मिला। जब उन्होंने ताला खोलने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने उन्हें रोक दिया और कहा के पहले बैंक का बकाया किराया जमा करो उसके बाद ही ताला खुलेगा। काफी देर तक विवाद चला रहा जिसके बाद बैंक के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। किराया जमा करने का आश्वासन देने के बाद बैंक का ताला खोला गया और काम शुरू हो पाया। इस दौरान बैंक के कर्मचारी और कुछ ग्राहक बाहर ही इंतजार करते रहे। दरअसल स्टेशन रोड पर आईडीबीआई बैंक मौजूद है। यह बैंक एक भवन में किराए पर चल रही है। बताया जा रहा है कि बैंक की ओर से मकान मालिक को किराया नहीं दिया गया था। किराया समय पर न देने के चलते मकान मालिक ने अपने कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया। जब बैंक के कर्मचारी पहुंचे तो मकान मालिक के कर्मचारियों ने कहा कि जब तक किराया जमा नहीं होगा तब तक बैंक का ताला नहीं खुलेगा। काफी देर तक इस बात को लेकर विवाद होता रहा। बैंक कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी जिसके बाद एलडीएम रामचंद्र साहा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को 20 दिन में किराया जमा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद बैंक का ताला खुल पाया इस दौरान कर्मचारियों और बैंक में आए ग्राहकों को काफी परेशान होना पड़ा।