फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनि मंगल सागर का हुआ मंगल प्रवेश, श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया स्वागत

विकासखंड महरौनी के प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र ग्राम नवागढ़ में मुनि मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनि मंगल सागर महाराज का चातुर्मास के लिए शुक्रवार को मंगलमय प्रवेश हुआ। मुनि संघ के मंगल प्रवेश का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। इस मौके पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। घरों के द्वार पर सुंदर चौक (रंगोली) सजाई गई और महिलाओं ने मंगल कलश लेकर गुरुदेव का स्वागत किया। नवागढ़ गुरुकुलम् के बच्चों ने दिव्य घोष, मंगलगान एवं जयघोष के साथ पूज्य गुरुदेव का मंगल प्रवेश कराया, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय, भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। मुनियों के प्रवेश पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, मंगल गीतों एवं श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा नवागढ़ गुंजायमान हो उठा। बुंदेलखंड की प्रसिद्ध सांस्कृतिक लोक विरासत जिसमें मोनिया पार्टी, दलदल घोड़ी,भजन मंडली, ढपला पार्टी, ढिमराया सारंगी पार्टी ने अपनी पारंपरिक लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति देकर इस मंगल अवसर को और भी अविस्मरणीय बना दिया। गुरुदेव के मंगल उद्बोधन से पूर्व नवागढ़ गुरुकुलम् के बच्चों ने अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इससे संपूर्ण सभा भक्तिरस से सराबोर हो उठी। इस दौरान यहां मंगल सागर महाराज ने कहा कि यदि भगवान श्रीराम जैसा आदर्श जीवन जीना है, तो श्रीराम के समान आदर्श कर्म भी करने होंगे। उन्होंने समाज को गुटखा, तंबाकू, शराब एवं अन्य सभी प्रकार के नशों से दूर रहने का संदेश दिया और मानव जीवन में मानवता, करुणा, सदाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने ने कहा कि सच्चा धर्म वही है जो व्यक्ति के जीवन में संस्कार,संयम और सेवा का भाव उत्पन्न करे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामनारायण यादव,श्रेष्ठीनिर्मल घुवारा, उपस्थित रहे। संचालन वीर चंद्र जैन पूर्व प्रधान नैकोरा ने किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें