लखीमपुर खीरी जिले में बाघ के हमलों को लेकर लोगों में भड़क रहे गुस्से को देख वन विभाग हरकत में आया है। बाघ की लोकेशन पता लगाने को कैमरे लगवाए गए हैं। साथ ही ड्रोन से निगरानी भी शुरू की गई है। बृहस्पतिवार सुबह वन कर्मियों की टीम दक्षिण खीरी वन विभाग की मोहम्मदी रेंज इमलिया और अजान के पास पहुंची। बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए ड्रोन कैमरा उड़ाया गया। खेतों में निगरानी की गई। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। खेतों में अकेले न जाने को कहा गया। बाघ को कैद करने के लिए पिंजरे भी लगाए गए हैं। वन विभाग ने बाघ की निगरानी को 20 जोड़ी कैमरे लगवाए हैं। गौरतलब है कि मंगलवार की शाम बाघ ने हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी अमरेश को हमलाकर मार डाला था। भड़के ग्रामीणों ने बुधवार को करीब तीन घंटे तक हंगामा किया था। ग्रामीणों के आक्रोश को देख वन विभाग हरकत में आया।