दुधवा नेशनल पार्क में बुधवार से पर्यटन सत्र शुरू हो रहा है। इस बार सैलानियों को पार्क प्रशासन नए नियमों के साथ नए रास्तों पर भी भ्रमण कराने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि किशनपुर क्षेत्र में प्रशासन कुछ नए रास्तों पर सैलानियों को भ्रमण करा सकता है। इससे पूर्व दुधवा को सजाने व संवारने का काम युद्धस्तर पर जारी रहा। वीआईपी गेस्ट हाउस को भी रंगरोगन कर तैयार कर दिया गया है, जबकि कैंटीन में भी विभिन्न चीजों का कार्य लगभग पूरा हो गया है। दुधवा में पिछले पर्यटन सत्र में सैलानियों को पार्क के जंगल गेट से इंट्री दे दी जाती थी, लेकिन इस बार तीन जगहों पर चेकिंग और जांच के निर्देश जारी हुए हैं। ऐसे में पहली चेकिंग स्वागत कक्ष के मुख्य गेट पर होगी। उसके बाद पर्यटन परिसर में भी चेकिंग होगी कि प्लास्टिक और पॉलीथिन का प्रयोग तो कोई सैलानी नहीं कर रहा है। अंतिम चेकिंग जंगल जाने के मुख्य द्वार पर जिप्सियों में की जाएगी।