लखीमपुर खीरी जिले में कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पढुवा थाना क्षेत्र के गांव हरिपुरवा निवासी दोनों भाई घाघरा नदी में जल भरने के लिए उतरे थे। इसी दौरान डूबकर उनकी मौत हो गई। हरिपुरवा निवासी रामलखन (20) और तेजपाल (18) पुत्र अंजनी शुक्रवार को सुबह ग्रामीणों के साथ कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जाने को निकले थे। सभी कांवड़िये ढकिरवा घाट पर जल भरने घाघरा नदी में उतरे थे। बताते हैं कि जल भरने की दौरान रामलखन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी डूबने लगा। भाई को डूबता देख तेजपाल उसे बचाने को नदी में कूदा, जिससे वह भी डूब गया। ग्रामीणों ने दोनों को नदी से निकाला और सीएचसी निघासन लाए। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।