लखीमपुर खीरी के धौरहरा नगर सहित तहसील क्षेत्र को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर युवाओं ने सोशल मीडिया पर मुहिम शुरू की है। शुक्रवार को कस्बे में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे निघासन विधायक शशांक वर्मा को युवाओं और कस्बा वासियों ने रेलमंत्री भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि आजादी के बाद से धौरहरा क्षेत्र रेल सुविधा से वंचित है। क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है। युवाओं ने कहा कि एक ओर देश में बुलेट ट्रेन चलाने की दिशा में काम हो रहा है, वहीं धौरहरा जैसे क्षेत्र आज भी रेल संपर्क से वंचित हैं। युवाओं ने धौरहरा को रेलमार्ग से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार से पहल किए जाने की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की बात कही। इस दौरान डॉ.मुकेश गुप्ता सभासद,नंदकिशोर जायसवाल, सभा सद नितिन गुप्ता,आनंद शुक्ला, संतोष चौरसिया, पियूष श्रीवास्तव, समेत बड़ी संख्या में युवा और कस्बावासी मौजूद रहे। निघासन विधायक शशांक वर्मा ने बताया धौरहरा को रेलमार्ग से जोड़ने के लिए वह रेलमार्ग सहित प्रधानमंत्री से पत्राचार करेंगे। उन्होंने कहा जल्द धौरहरा से रेलमार्ग मिलेगा।