लखीमपुर खीरी के मझगईं थाना क्षेत्र के हुलासीपुरवा गांव निवासी गैंगस्टर रामचंद्र की सोमवार शाम को हुई मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने पलिया मार्ग पर बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगाने का प्रयास किया। ग्रामीणों और मझगईं प्रभारी थाना निरीक्षक के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बहस के दौरान कहा कि पूरे गांव पर हत्या के प्रयास का मुकदमा लिखकर जेल भेजूंगा। इस बात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। प्रभारी निरीक्षक खुद पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाते हुए चालक पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने की बात कहते दिखे। इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है।