लखीमपुर खीरी में रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को 487 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) आयोजित की गई। रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन, एकरूपता और तालमेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। करीब 10 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद इन आरक्षियों ने देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनते हुए अपनी जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आईजी किरन एस. ने जवानों के टर्नआउट की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना होगा। उन्होंने जवानों को आधुनिक चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराध जैसे विषयों पर लगातार सीखते रहने की सलाह दी। एसपी डॉ.ख्याति गर्ग ने नवागत आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिजनों को बधाई दी और प्रशिक्षण टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।