लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में मोहम्मदी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सोमवार सुबह सुरक्षा कर्मी की बंदूक से गोली चल गई, जिसके छर्रे दुकान पर बैठे सराफा व्यापारी शिवकुमार सोनी के पेट में जा लगे। इससे वह घायल हो गए। सीएचसी में उनका उपचार कराया गया। जानकारी के मुताबिक बैंक का सुरक्षा कर्मी सोमवार सुबह अपनी बंदूक लोड कर रहा था, तभी फायर हो गया। इससे सड़क की दूसरी तरफ दुकान पर बैठे सराफा व्यापारी एवं उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार सोनी के पेट में छर्रे लग गए। बैंक प्रबंधक ने अपनी कार से घायल शिवकुमार सोनी का सीएचसी ले जाकर इलाज कराया। पुलिस ने सुरक्षाकर्मी को हिरासत में लिया है।