कासगंज में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि पिछली कुछ सरकारों ने साजिश के तहत हमारे महापुरुषों को भुला दिया। पिछले दिनों अहिल्या बाई होल्कर की जयंती मनाई गई। उन्होंने महिला शिक्षा और समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया बावजूद इसके मुझे भी 4-6 साल पहले तक नहीं पता था कि उनका समाज के लिए क्या योगदान था.....? ऐसा इसलिए क्योंकि हमें हमारे महापुरुषों के बारे में पढ़ाया ही नहीं गया। साजिश के तहत हमें सिर्फ मुगलों का इतिहास पढ़ाया गया। वह पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में छात्राओं को संबाेधित कर रहीं थीं। कहा भारत के लिए वास्तविक काम करने वालों को हमें जानना होगा। अपने महापुरुषों के बारे में जानने के लिए किताबों से दोस्ती करनी होगी। किताब में जो शब्द पढ़ेंगे, वो जीवन भर याद रहेंगे। मोबाइल और इंटरनेट पर क्विक सर्च करेंगे, वो आपके दिमाग में नहीं रहेंगी।