कासगंज में सोमवार को सुबह से भारी बारिश हुई। इससे जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़क तालाब बन गईं। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी में डूबने के चलते वाहन बंद हो गए। बरसात के पानी से सहावर गेट के समीप नवनिर्माणधीन अंडर पास में पानी भर गया। अंडरपास में बारिश का पानी भर जाने से रेलवे का बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। रेल यातायात बाधित हो गया। कासगंज जंक्शन से पहले ट्रेनों को रोका गया। ट्रेन लेट हो जाने से यात्रियों को काफी दिक्कतें हुई। रेलवे ट्रैक बाधित होने की सूचना पर रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। कानपुर की ओर से आने वाली ट्रेन को बधारी कलां, मथुरा की ओर से आ रही ट्रेन को मारहरा स्टेशन पर रोक दिया गया।