कासगंज के सिढ़पुरा थाना परिसर में पुताई कर रहे एक मजदूर की सोमवार को चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। झूला की रस्सी टूटने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव खरगादीपुर निवासी रविंदर (35) पुत्र पूरन सिंह सोमवार को ठेकेदार श्रीकृष्ण के साथ थाना परिसर में पुताई का कार्य करने गया था। वह सुबह करीब 10 बजे थाना परिसर में बनी नई बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पुताई का काम कर रहा था। इस दौरान वह जिस झूले पर बैठा था, उसकी रस्सी अचानक टूट गई। इससे मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह चौथी मंजिल से गिरकर घायल हो गया। थाने में मौजूद अन्य मजदूरों और पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना परिसर में उसके साथ में काम कर रहे मजदूर क्रांति ने बताया कि थाने में पुताई का काम करते समय अचानक रस्सा टूट गया। इससे हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गायत्री देवी, बेटा वीर (8) और बेटी आरोही (6) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। इस हादसे ने मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि सिढ़पुरा थाने में काम कर रहे मजदूर की हादसे में मौत हो गई। परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। परिजन ने मजदूर का अंतिम संस्कार कर दिया। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।