कासगंज के रामबाग कॉलोनी निवासी कॉमर्स ग्रेजुएट अभय तायल ने जिले में पारंपरिक खेती की परिभाषा बदल दी। बीकॉम की डिग्री लेने के बाद उन्होंने नौकरी के बजाय हाई-टेक खेती का रास्ता चुना। आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण लिया। फिर 4 एकड़ जमीन पर एक हाईटेक पॉलीहाउस स्थापित किया। इसमें रंगीन शिमला मिर्च की खेती कर रहे हैं। शहर के प्रमुख उद्यमी विनीत तायल ने बताया कि उनके बेटे अभय तायल ने बीकॉम की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने नोएडा की एक संस्था से आधुनिक कृषि तकनीक का प्रशिक्षण लिया। एग्रीकल्चर के क्षेत्र में रूचि होने पर अभय ने राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजना के तहत गोरहा गांव में 4 एकड़ जमीन पर हाईटेक पॉलीहाउस स्थापित किया। इसमें हरी, लाल और पीली शिमला मिर्च की खेती शुरू की। अभी वह सेमी ऑर्गेनिक पद्धाति पर शिमला मिर्च की खेती कर रहे हैं। उनका लक्ष्य अगले दो से तीन वर्षों में इसे पूरी तरह से ऑर्गेनिक खेती में बदलना है।