कासगंज में देव दीपावली पर्व की बुधवार को धूम रही। लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया। दीयों एवं बिजली की झालरों की रोशनी से मंदिर जगमग हो उठे। घरों पर आकर्षक दीप मालिका सजाई गईं। देव दीपावली पर्व मनाने को लोगों में काफी उत्साह देखा गया। सुबह से ही लोगों ने पर्व मनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी। घरों और मंदिरों की साफ सफाई कराई गई। शाम ढलने के साथ ही लोगों ने घरों पर दीप मालिकाएं सजाई। इसके साथ ही झालरों से भी घरों की सजावट की। शहर के प्रभु पार्क स्थित भगवान गणेश मंदिर, माता चामुंडा मंदिर, माता संतोषी मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर हनुमान मंदिर सहित सभी मंदिरों को दीपक, बिजली की झालरों, फूलों आदि से सजाया गया। ठंडी सड़क स्थित माता चामुंडा मंदिर की भी आकर्षक ढंग से साज-सज्जा की गई। इसके अलावा शहर के सभी अन्य प्रमुख मंदिरों को भी सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर देवों के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंदिरों पर प्रसाद का वितरण किया।