महाराजपुर थाना क्षेत्र में होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार देर शाम इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरसौल कस्बे में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर पुलिस की सख्त मौजूदगी रही। अधिकारियों ने नागरिकों, युवाओं और व्यापारियों से संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इंस्पेक्टर ने चेतावनी दी कि जबरन रंग डालने, हुड़दंग या शराब पीकर उत्पात करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। फ्लैग मार्च के दौरान वाहनों की चेकिंग और संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।