गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के आजाद मार्ग पर मंगला विहार मोड़ के पास बुधवार को दोपहर निर्माणाधीन मकान की बेसमेंट रैंप की शटरिंग खोलते समय भरभराकर गिर गई। ठेकेदार व दो मजदूर उसमें दब गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने ड्रिल मशीन से सरिया काटकर जेसीबी की मदद से तीनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। वहां ठेकेदार व मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मजदूर ठेकेदार का ममेरा भाई था। घायल ठेकेदार के मामा की हालत गंभीर है। मंगला विहार मोड़ पर दोपहर करीब 1:30 बजे निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में रैंप की शटरिंग खोलने का हो रहा था, तभी शटरिंग गिर गई। शटरिंग ठेकेदार कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर रामादेवी निवासी जयप्रकाश कोरी (48), उसका ममेरा भाई फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सहानीपुर निवासी सोहन कोरी (32) और मामा सोहन का पिता रामकृपाल कोरी (54) मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस व 30 सदस्यीय एसडीआरएफ की 30 टीम मौके पर पहुंची। ड्रिल मशीन से शटरिंग की सरिया काटकर जेसीबी से तीनों घायलों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने जयप्रकाश व उसके ममेरे भाई सोहन को मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार के मामा रामकृपाल की हालत गंभीर बताई जा रही। बताया गया कि 10 दिन पहले शटरिंग लगाई गई थी और समय से पहले खोली गई, जिससे यह हादसा हो गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने मृतक के परिजनों को हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन दिया। घटना स्थल पर एएसपी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी विनी सिंह और गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।