मंगलवार दोपहर से देर शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। ऐसे में नगर के तीन स्थानों पर हो रही रामलीलाओं के आयोजक परेशान दिखे। हालांकि सभी जगह वाटर प्रूफ पंडालों में रामलीलाओं का मंचन कराया गया। वहीं बारिश के बीच लंका दहन होते ही जय श्री राम के जयकारों से लीला स्थल गुंजायमान रहा। पोनीरोड श्रीनगर में श्री सार्वजनिक शुक्लागंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में सीता खोज, लंका दहन, रामेश्वर स्थापना, अंगद रावण संवाद का मंचन किया गया। समिति के प्रवक्ता सुरेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि बारिश से लगा कि लीला कैसे होगी लेकिन व्यवस्थाएं और बेहतर कराते हुए लीला कराई गई।