चैत्र नवरात्र गुरुवार से शुरू हो रहा। बुधवार को राजधानी मार्ग स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर समेत नगर के सभी देवी मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंदिरों में सजावट के साथ मां दुर्गा का आकर्षक दरबार सजाया गया है। भोर होते ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी और मां के जयकारों से माहौल गूंज उठेगा। वहीं, घरों में भी भक्त कलश स्थापना कर नौ दिन तक मां दुर्गा की विधिविधान से आराधना करेंगे। मंदिरों के आसपास व प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्री और अन्य सामानों की दुकानें सज गई हैं। बुधवार को देर रात तक कर खरीदारों की भीड़ लगी रही। राजधानी मार्ग स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में देवी दर्शन करने के लिए सुबह से ही भक्तों की कतार लग जाएगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि मंदिर के सभी सीसीटीवी कैमरे सही कराने के साथ ही रंगरोगन और साज सज्जा का कार्य कराया जा चुका है। देवी भक्त कतारबद्ध तरीके से ही दर्शन कर सकेंगे। वहीं, डाकतार कॉलोनी स्थित सोमागौरी मंदिर, झंडा चौराहा स्थित छोटी दुर्गा माता मंदिर, आनंद नगर स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ नवरात्र के दिनों में रहेगी। बुधवार को सभी देवी मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री की दुकानों को सजाया गया। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा मंदिर में दो-दो पुरूष महिला सिपाही व दो दरोगा की तैनाती रहेगी। जबकि शेष देवी मंदिरों में भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होगें। सभी मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।