बाढ़ से प्रभावित भातू फार्म, गायत्रीनगर और अंबिकापुरम का औचक निरीक्षण नायब तहसीलदार धीरज त्रिपाठी ने किया। इस दाैरान लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल दी। लोगों ने कहा कि साहब, तीन मुहल्लों में आठ से 10 फिट तक बाढ़ का पानी भरा है। कई घर मकान पानी से घिरे हैं। आसपास के क्षेत्र में पानी के ठहराव होने के कारण गंदगी है। इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं लेकिन एक भी दिन मेडिकल टीम नहीं आई है।