गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में मानवता को शर्मसार करने की घटना हुई। कई दिन से बीमार बुजुर्ग की कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। पति का शव लेकर पत्नी घर पहुंची तो मकान मालिक ने किराया न मिलने पर शव समेत उसकी पत्नी को घर के बाहर सामान के साथ बाहर निकाल दिया। महिला सड़क पर शव लेक बैठी रही। जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि संदीप पांडेय और पुलिस पहुंची। इसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया। इंदिरा नगर निवासी अनीता ने पुलिस को बताया कि यहां वह किराए के मकान में रहती है, पति रिक्शा चलाते थे। सप्ताह भर पहले पति विनोद (60) की तबीयत बिगड़ने पर हैलट अस्पताल में इलाज हो रहा था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण तीन माह से किराया नहीं दिया था। आज पति की मौत हो गईं और शव लेकर घर आई तो मकान मालिक ने उन्हें समान समेत बाहर कर दिया। बताया कि वह दोनों फतेहपुर के रहने वाले हैं, शुक्लागंज में उनका कोई नहीं है। उधर, पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने बताया कि उन्होंने खुद के खर्चे से अंतिम संस्कार करा दिया है। महिला के गुजर बसर लिए इंतजाम कराया जाएगा। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।