नवाबगंज थानाक्षेत्र में ज्योरा-गंगाबैराज मार्ग पर शुक्रवार रात 11 बजे घर के बाहर सड़क पार करते समय ज्योरा निवासी सुलेमान (35) को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जहां हैलट पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता कल्लू के अनुसार शोर सुनकर वह और आस पड़ोस में रहने वाले लोग बाहर आए और भाग रहे लोडर चालक को पकड़ने की कोशिश की। परिजनों ने गंगा बैराज रोड पर शव रखकर जाम लगाया। आरोप है कि शराब के नशे में चालक लोडर को लोगों के ऊपर चढ़ाने का प्रयास करते हुए मौके से भाग निकला। इस दौरान उन लोगों ने लोडर का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया। हादसे में युवक की मौत के बाद पत्नी समा, बच्चे मैनाज, मैराज, निसार और मां शाहिदा बिलख पड़ीं। परिजन का आरोप है कि लोडर कन्नौज के सराय का बताया जा रहा है, जिसका बीमा भी खत्म हो चुका है। नवाबगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से लोडर का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।