कानपुर के घाटमपुर तहसील अंतर्गत सजेती थाने के कोटरा मकरंदपुर गांव में टेसू झंझिया कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में हुई वृद्ध रामखेलावन (65) की मौत के मामले में नया मोड़ आया। मंगलवार सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार रोककर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और चौकी इंचार्ज व सिपाही पर कार्रवाई की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन माने और यमुना तट पर अंतिम संस्कार किया गया। एहतियातन गांव में पीएसी बल तैनात कर दिया गया है।