बार एसोसिएशन चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दो प्रत्याशियों के पर्चे एल्डर्स कमेटी ने खारिज कर दिए हैं। अब 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 94 प्रत्याशी मैदान में हैं। 7198 मतदाता प्रस्तावित तिथि 16 फरवरी को डीएवी डिग्री कॉलेज में मतदान करके नई कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। बार एसोसिएशन के राम अवतार महाना हॉल में दो दिन से चल रही नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई। जांच के बाद महामंत्री पद के प्रत्याशी देवेंद्र कुमार मिश्रा और कनिष्ठ कार्यकारिणी पद पर आमिर खान का नामांकन खारिज कर दिया गया है। देवेंद्र कुमार मिश्रा माती कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं, वहां की बार एसोसिएशन में पदाधिकारी भी रह चुके हैं इसको लेकर आपत्तियां आई थीं। नामांकन पत्र की जांच के दौरान आपत्ति सही पाए जाने पर उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया वहीं आमिर खान के नामांकन पत्र में भी प्रपत्र सही न पाए जाने पर नामांकन खारिज हुआ। आठ व नौ जनवरी को दो दिन चली नामांकन प्रक्रिया के बाद कुल 96 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए थे। दो नामांकन खारिज होने के बाद अब अध्यक्ष पद पर सात और महामंत्री पद पर नौ समेत कुल 94 प्रत्याशी मैदान में है।