कानपुर में घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग की समय सीमा ग्रामीण क्षेत्रों में 25 दिन से बढ़ाकर 45 दिन किए जाने के बाद उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें लग रही हैं। बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके मोबाइल पर गैस बुकिंग का मैसेज तो कई दिन पहले आ गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला। मजबूरी में लोग सुबह से एजेंसी के बाहर लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लाइन में लगे उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस खत्म होने के कारण घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। कई लोग पिछले तीन से चार दिन से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सप्लाई आने का इंतजार करने को कहा जा रहा है।