डबल पुलिया-विजयनगर सड़क पर मेट्रो निर्माण के दौरान जल निगम की पाइपलाइन टूटने से तीन दिन से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क से फुटपाथ तक जलभराव की स्थिति बनी हुई है जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों को गिरने का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मेट्रो के ठेकेदार ने लापरवाही से खोदाई करते हुए शास्त्रीनगर में पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) को पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत के लिए नोटिस जारी की जाएगी। यदि वे मरम्मत नहीं कराते हैं, तो जल निगम स्वयं मरम्मत कराकर उनसे हर्जाना वसूलेगा। पानी की बर्बादी के साथ-साथ लगातार बहते पानी से सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है।